अरब सागर की रानी (कोचि) जाने रोचक बाते।।
कोच्चि को पहले कोचीन के नाम से जाना जाता था। यह लक्षद्वीप सागर के दक्षिण-पश्चिम तटरेखा पर स्थित एक बड़ा बंदरगाह शहर है, जो भारतीय राज्य केरल के एर्नाकुलम जिले का एक भाग है। कोच्चि का नाम मलयालम के शब्द 'कोचु अजहि' के नाम पर पड़ा है। इसका अर्थ होता है-छोटी-छोटी खाड़ी।
इसे अरब सागर की रानी' और 'पूर्व का वेनिस' कहा जाता है। केरल का यह शहर औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों का केंद्र है। कोच्चि में पुर्तगाली, यहूदी, ब्रिटिश, फ्रेंच, डच और चीनी संस्कृति का मिला-जुला रूप देखने को मिलता है ।
कोच्चि का बंदरगाह 17वीं शताब्दी में डचों के अधीन हो गया था। आगे चलकर सन् 1795 में कोच्चि पर अंग्रेजों ने अधिकार जमा लिया था, जो भारत की स्वतंत्रता के बाद ही मुक्त हुआ। यहाँ पर प्राचीन और नवीन दोनों संस्कृतियों का समृद्ध मिश्रण देखने को मिलता है। पश्चिम के सामंजस्यपूर्ण एकीकरण का प्रभाव और भारतीय संस्कृति कोच्चि को एक अलग पहचान देते हैं । कोच्चि के समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास में सबके लिए कुछ-न-कुछ है।
यह स्थान 14वीं शताब्दी से ही भारत की पश्चिमी तटरेखा का मसालों का व्यापारिक केंद्र रहा है। यहूदी, चीनी, पुर्तगाली, यूनानी, अरब और रोमन व्यापारी यहाँ पर मसाले खरीदने के लिए आते थे और अपनी वस्तुएँ यहाँ बेचते थे।
यहाँ के रेस्टोरेंट और होटलों में सभी तरह के खाने-पीने का आनंद उठाया जा सकता है। यहाँ पर पर्यटक आकर्षित होकर आते हैं । यहाँ घूमने के लिए ऐतिहासिक स्थल, संग्रहालय, बच्चों के पार्क और शॉपिंग मॉल आदि सबकुछ है ।
यहाँ पर कई अभयारण्य और वन्य जीव उद्यान भी हैं। यहाँ स्थानीय जीव-जंतुओं और वनस्पति को देखा जा सकता है। यहाँ अथिरापल्ली' नामक झरना सबका मन मोह लेता है। कोच्चि के बैकवाटर्स वेबनाद झील का विस्तार हैं, जो केरल की सबसे बड़ी झील है।
यहाँ पर मरीन ड्राइव भी युवाओं को आकर्षित करता है । समुद्र से आने वाली हवा हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती है। कोच्चि का किला भी देखने लायक है। भारतीय नौसेना के दक्षिणी नौसैनिक कमान का केंद्र तथा भारतीय तटरक्षक का राज्य मुख्यालय भी इसी शहर में स्थित है।
नगर के वाणिज्यिक सागरीय गतिविधियों से संबंधित सुविधाओं में कोच्चि बंदरगाह, कोचीन शिपयार्ड, कोच्चि रिफाइनरीज एवं कोच्चि मैरीना भी है। इसी नगर में केरल का नेशनल लॉ स्कूल, नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ एडवांस्ड लीगज स्टडीज भी है।
कोच्चि भारत के सर्वश्रेष्ठ पर्यटक आकर्षणों में से एक है।अगर अवसर मिले तो एक बार इस सुंदर स्थल को अवश्य देखिएगा।


कोई टिप्पणी नहीं